दैनिक बुलंद मंज़िल : सड़क निर्माण में धांधली का आरोप, लोगों ने किया विरोध

0
Spread the love

शहर के गगन क्षेत्र में नगर निगम द्वारा कराए जा रहे सड़क निर्माण कार्य को लेकर स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी देखने को मिली। क्षेत्रवासियों ने आरोप लगाया कि सड़क निर्माण में मानकों की अनदेखी करते हुए बेहद घटिया सामग्री का इस्तेमाल किया जा रहा है। इसी के विरोध में सोमवार को लोगों ने मौके पर एकत्र होकर विरोध प्रदर्शन किया और नारेबाजी की।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क निर्माण कार्य में न तो नीचे पत्थर बिछाया गया है और न ही मिट्टी को ठीक से कुटाई करके मजबूत किया गया है। उनका आरोप है कि सीधे ही सड़क के नीचे इंटरलॉकिंग टाइलें लगा दी जा रही हैं, जिससे बारिश या पानी जाने की स्थिति में सड़क के धंसने की पूरी संभावना है। लोगों ने कहा कि यदि निर्माण कार्य इसी तरह चलता रहा तो कुछ ही समय में सड़क खराब हो जाएगी और सरकारी धन की बर्बादी होगी।
प्रदर्शन कर रहे लोगों में राहुल बिट्टू, रवींद्र, अभिजीत, अनिल, अनुज कुमार, छत्रपाल, रामौतार, काला और सूरजपाल समेत कई अन्य स्थानीय निवासी शामिल रहे। उन्होंने नगर निगम प्रशासन से मांग की कि सड़क निर्माण कार्य की निष्पक्ष जांच कराई जाए और गुणवत्ता के साथ कोई समझौता न किया जाए।
प्रदर्शनकारियों का कहना था कि उन्होंने कई बार संबंधित अधिकारियों को इस बारे में अवगत कराने की कोशिश की, लेकिन अब तक कोई संतोषजनक कार्रवाई नहीं की गई। इसके चलते लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि निर्माण कार्य को मानकों के अनुसार नहीं कराया गया तो वे बड़ा आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे।
स्थानीय निवासियों ने यह भी मांग की कि सड़क निर्माण से पहले उचित तरीके से आधार तैयार किया जाए, जिसमें पत्थर बिछाकर और मिट्टी की अच्छी तरह कुटाई कर मजबूत बेस बनाया जाए। इसके बाद ही इंटरलॉकिंग टाइलें लगाई जाएं ताकि सड़क लंबे समय तक टिकाऊ रह सके।
फिलहाल नगर निगम की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। वहीं क्षेत्रवासियों को उम्मीद है कि उनकी शिकायत पर जल्द ही संज्ञान लेकर निर्माण कार्य की गुणवत्ता में सुधार कराया जाएगा, ताकि क्षेत्र के लोगों को एक मजबूत और टिकाऊ सड़क मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

ज़रूर पढ़ें