अमरोहा में मेगा विधिक सेवा का लगा शिविर
एंकर: न्याय के आंगन में कल्याण की बारिश, अमरोहा बना मिसाल
अमरोहा से बड़ी खबर, जहां न्याय केवल फैसला सुनाने तक सीमित नहीं रहा, बल्कि सीधे आमजन के जीवन में राहत और सम्मान बनकर उतरा। अमरोहा के जनपद न्यायालय परिसर में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में आयोजित वृहद मेगा विधिक सहायता शिविर ने सामाजिक न्याय और जनकल्याण का नया अध्याय लिख दिया।
इस ऐतिहासिक शिविर की अध्यक्षता प्रशासनिक न्यायमूर्ति प्रशान्त कुमार, उच्च न्यायालय इलाहाबाद उच्च न्यायालय ने की। शिविर में प्री-कैम्प और मुख्य कैम्प के माध्यम से कुल 6840 से अधिक लाभार्थियों को सरकारी योजनाओं का प्रत्यक्ष लाभ दिया गया। ट्रैक्टर की चाबी हो या प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मकान की चाबी—हर लाभ के साथ चेहरों पर उम्मीद और आत्मविश्वास साफ नजर आया।
कृषि, समाज कल्याण, महिला एवं बाल विकास, श्रम, स्वास्थ्य और पंचायती राज समेत कई विभागों ने एक ही छत के नीचे स्टॉल लगाकर मौके पर ही पंजीकरण, प्रमाण पत्र और लाभ वितरण किया। युवाओं को स्पोर्ट्स किट, किसानों को उन्नत बीज, मेधावी छात्रों को आर्थिक सहायता और जरूरतमंदों को निःशुल्क कानूनी परामर्श उपलब्ध कराया गया।
न्यायालय परिसर में स्थापित हेल्प डेस्क पर पैरा-लीगल वॉलंटियर्स ने सरल भाषा में योजनाओं की जानकारी दी। लाभार्थियों ने इस पहल को “न्याय आपके द्वार” की सजीव तस्वीर बताया। कुल मिलाकर, यह मेगा शिविर साबित करता है कि जब न्यायपालिका और प्रशासन साथ आते हैं, तो न्याय सिर्फ कागजों में नहीं, जमीन पर दिखता है।
