कल्कि संभल’ का पहला पोस्टर जारी, 1978 के दंगों पर आधारित फिल्म फिर चर्चा में

दैनिक बुलन्द मंजिल:
मुंबई: ‘उदयपुर फाइल्स’ के निर्माता अमित जानी और निर्देशक भरत एस. श्रीनाते एक बार फिर संवेदनशील और विवादित विषय पर फिल्म लेकर आ रहे हैं। उनकी नई फिल्म ‘कल्कि संभल’ का पहला पोस्टर जारी कर दिया गया है, जिसने रिलीज के साथ ही चर्चा तेज कर दी है।
जारी पोस्टर में फिल्म के दो प्रमुख किरदारों की झलक दिखाई गई है, जो कहानी के केंद्र में नजर आते हैं। फिल्म की कहानी 1978 में उत्तर प्रदेश के संभल में हुए दंगों की पृष्ठभूमि पर आधारित बताई जा रही है, जिसमें समकालीन घटनाओं के संदर्भ भी जोड़े गए हैं।
पोस्टर के अनुसार, फिल्म में दो मुख्य विरोधी (विलेन) किरदार हैं। पहला किरदार ‘अब्बाजान’ का है, जिसे 1978 के दौर में राजनीतिक फायदे के लिए दंगे भड़काने के आरोपों के साथ दर्शाया गया है। वहीं दूसरा किरदार ‘भाईजान’ का है, जिसके माध्यम से 2024 के समय में संभल में हिंसा भड़काने के आरोपों को कहानी में पिरोया गया है।
फिल्म के निर्माताओं का दावा है कि यह कहानी सामाजिक और राजनीतिक घटनाओं से प्रेरित है, हालांकि विषय की संवेदनशीलता को देखते हुए फिल्म को लेकर बहस छिड़ने की संभावना जताई जा रही है।
फिलहाल फिल्म की रिलीज डेट की आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है, लेकिन पोस्टर के सामने आने के बाद दर्शकों में इसे लेकर उत्सुकता बढ़ गई है।
