18 अप्रैल से हज यात्रा 2026 की शुरुआत, रोजाना उड़ानों से रवाना होंगे जायरीन

0
Spread the love

दैनिक बुलन्द मंज़िल

नई दिल्ली। हज यात्रा 2026 की औपचारिक शुरुआत 18 अप्रैल से हो गई है। शनिवार को पहली फ्लाइट के जरिए हज यात्रियों का पहला जत्था सऊदी अरब के लिए रवाना हुआ। इस पहली उड़ान में करीब 371 जायरीन शामिल रहे, जिन्हें एयरपोर्ट पर गर्मजोशी के साथ विदा किया गया।

सरकारी जानकारी के अनुसार, इस वर्ष भारत से लगभग 1.75 लाख से अधिक हज यात्री पवित्र यात्रा पर जाएंगे। देशभर के विभिन्न एंबार्केशन प्वाइंट जैसे दिल्ली, मुंबई, लखनऊ, हैदराबाद और कोलकाता—से यात्रियों की उड़ानें संचालित की जाएंगी।

हज कमेटी और संबंधित एजेंसियों ने यात्रियों की सुविधा के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं। एयरपोर्ट पर प्रक्रियाओं को सरल बनाया गया है ताकि यात्रियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। साथ ही, इस बार डिजिटल सुविधाएं, बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं और उन्नत आवास व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है।

बताया जा रहा है कि 18 अप्रैल से शुरू हुई ये उड़ानें अब प्रतिदिन संचालित होंगी, जिनके जरिए अलग-अलग राज्यों के हज यात्री चरणबद्ध तरीके से मक्का और मदीना के लिए रवाना होते रहेंगे।

हज पर जाने वाले यात्रियों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। कई यात्रियों ने इसे अपनी जिंदगी का सबसे खास पल बताया और देश में अमन-चैन की दुआ करने की बात कही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

ज़रूर पढ़ें